97 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा, शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

(उत्तर केसरी संवाददाता)
मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुनय झा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल एवं मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी के साथ निर्माणाधीन गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने एकेडमिक ब्लॉक, एडमिन ब्लॉक सहित विभिन्न निर्माणाधीन भवनों का भ्रमण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भवनों में चिन्हित एवं शेष कमियों को देखा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, भवन खंड के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि सभी कमियों को जल्द दूर कराते हुए निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए, ताकि भवनों को हैंडओवर करने की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी की जा सके।

जिलाधिकारी ने परिसर की व्यवस्थाओं एवं विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी लेते हुए अवशेष कार्यों को तेजी के साथ गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि विश्वविद्यालय भवन का लगभग 97 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के लिए गति बढ़ाई जा रही है।






