Home उत्तर प्रदेश न्यूज नगर निगम की कार्ययोजना और पुनरीक्षित बजट पर मंथन, 30 नवंबर तक...

नगर निगम की कार्ययोजना और पुनरीक्षित बजट पर मंथन, 30 नवंबर तक मांगे विभागों से प्रस्ताव

0
35

15 दिसंबर तक योजनाओं को अंतिम रूप देने के निर्देश

(उत्तर केसरी संवाददाता)

मुरादाबाद। नगर निगम की आगामी कार्ययोजना एवं पुनरीक्षित बजट को लेकर शुक्रवार को नगर निगम कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर विनोद अग्रवाल ने की। इसमें आगामी वित्तीय वर्ष की योजनाओं, विकास कार्यों और शहर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बजट की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा हुई। महापौर ने सभी विभागों को 30 नवंबर तक अपने-अपने प्रस्ताव प्रस्तुत करने और उनका परीक्षण कर 15 दिसंबर तक योजनाओं को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।

महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि आगामी वित्तीय वर्ष के लिए अब लगभग चार माह का समय शेष है। अगले माह से चुनाव की प्रक्रिया भी शुरू होने वाली है। ऐसे में सभी विभागों को समय रहते अपनी कार्ययोजना तैयार करनी होगी, ताकि वित्तीय वर्ष के अंतिम चरण में विकास कार्यों को पूरा कराने में किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रस्ताव तैयार करते समय शहर की वर्तमान जरूरतों और आने वाले समय की आवश्यकताओं को ध्यान में रखा जाए।

सड़कों की मरम्मत और सफाई व्यवस्था को मिलेगी प्राथमिकता

उन्होंने सड़कों की मरम्मत को विशेष प्राथमिकता देने पर जोर दिया। खासकर टोरेंट गैस और जल निगम की ओर से पाइपलाइन व अन्य कार्यों के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत समय से कराने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो। इसके साथ ही नाले-नालियों, पुलियों, सड़कों की मरम्मत और सफाई व्यवस्था से जुड़े कार्यों को भी आगामी कार्ययोजना में प्रमुखता से शामिल करने को कहा। महापौर ने स्पष्ट किया कि शहर की सफाई व्यवस्था सुचारु रखना और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

बैठक में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि के निर्णय का भी उल्लेख किया गया। महापौर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर निगम में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को पहले लगभग 15 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाता था, जो अब बढ़कर करीब 20 हजार रुपये होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई के दौर में कर्मचारियों को आर्थिक राहत देना जरूरी था। ये कर्मचारी शहर की सफाई सहित विभिन्न आवश्यक सेवाओं में मेहनत और लगन से योगदान देते हैं। ऐसे में वेतन वृद्धि उनके हित में सराहनीय कदम है।

महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग निर्धारित समयसीमा के भीतर अपने प्रस्ताव उपलब्ध कराएं, जिससे बजट निर्धारण और योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रक्रिया समय से पूरी की जा सके। बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here