
(उत्तर केसरी संवाददाता)
मुरादाबाद। शहर में अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। दिल्ली रोड स्थित मनोहरपुर, थाना मझोला के निकट नए फायर स्टेशन का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। नगर विधायक रितेश गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत की।
आपात स्थिति में राहत-बचाव कार्यों को मिलेगी तेजी
नए फायर स्टेशन के निर्माण से दिल्ली रोड और आसपास के क्षेत्रों में आगजनी तथा अन्य आपातकालीन घटनाओं के दौरान अग्निशमन विभाग की पहुंच और प्रतिक्रिया समय में सुधार होने की उम्मीद है। स्टेशन के शुरू होने के बाद दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में कम समय लगेगा, जिससे राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से संचालित किया जा सकेगा।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ कार्यक्रम

नए फायर स्टेशन का शिलान्यास एवं भूमि पूजन कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल की देखरेख में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पुलिस एवं अग्निशमन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। एसपी सिटी कुंवर रणविजय सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पांडेय तथा अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।

अधिकारियों ने कहा कि बढ़ती आबादी, व्यावसायिक गतिविधियों और दिल्ली रोड क्षेत्र में लगातार हो रहे विकास को देखते हुए अग्निशमन सेवाओं का विस्तार जरूरी है। नए फायर स्टेशन से क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आगजनी या अन्य आपात स्थिति में तत्काल दमकल सहायता उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।

नए स्टेशन के निर्माण को शहर की अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसके माध्यम से दिल्ली रोड के साथ आसपास के आबादी वाले एवं विकसित हो रहे क्षेत्रों को भी आपातकालीन अग्निशमन सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।







