Home उत्तर प्रदेश न्यूज संपूर्ण समाधान दिवस में 74 शिकायतें, 13 का मौके पर निस्तारण

संपूर्ण समाधान दिवस में 74 शिकायतें, 13 का मौके पर निस्तारण

0
30

डीएम अनुनय झा ने अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

(उत्तर केसरी संवाददाता)
मुरादाबाद। तहसील कांठ सभागार में जिलाधिकारी अनुनय झा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल की मौजूदगी में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। कुल 74 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 13 का मौके पर निस्तारण कराया गया।

शिकायतों में राशन कार्ड में यूनिट बढ़ाने, विद्युत आपूर्ति, पुलिस एवं राजस्व संबंधी मामले प्रमुख रहे। जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को राशन कार्ड में यूनिट बढ़ाने सहित सामान्य प्रकृति की शिकायतों का शनिवार शाम तक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भूमि पैमाइश एवं अन्य भूमि विवादों में संबंधित राजस्व अधिकारियों को 72 घंटे के भीतर स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण समाधान कराने को कहा।

जनसुनवाई में एक वृद्ध महिला ने भूमि पर अवैध कब्जे और खतौनी के अनुसार पूरी भूमि पर कब्जा न होने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी कांठ को राजस्व विभाग के अधिवक्ता के माध्यम से न्यायालय में वाद दायर कराकर नियमानुसार शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों ने तहसील परिसर में शिविर लगाकर पेंशन, आयुष्मान कार्ड, दिव्यांग प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया। स्वास्थ्य शिविर में 61 लोगों की शुगर जांच, 57 लोगों को दवाएं वितरित की गईं, दो दिव्यांगजनों के प्रमाण-पत्र के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी की गई तथा पांच लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here