‘हेल्थ फॉरएवर–स्टे वेल’ पहल के तहत विवेकानंद नर्सिंग परिसर में हुआ शुभारंभ, खेल एवं स्वास्थ्य को बढ़ावा देने पर जोर

(उत्तर केसरी संवाददाता)
मुरादाबाद। मुरादाबाद चैरिटेबल ट्रस्ट एंड हेल्थ रिसर्च सेंटर की ओर से स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘Health Forever–Stay Well’ पहल के तहत विवेकानंद कॉलेज ऑफ नर्सिंग परिसर में अत्याधुनिक लॉन टेनिस एवं पिकलबॉल कोर्ट का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में खेल, स्वास्थ्य और फिटनेस को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय करण दुग्गल की स्मृति में खिलाड़ियों के लिए स्थापित वाटर कूलर के लोकार्पण एवं रिबन कटिंग से हुई। इसके बाद लॉन टेनिस एवं पिकलबॉल कोर्ट का औपचारिक उद्घाटन किया गया। मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से हुआ। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया।
मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रण विजय सिंह, पीपीएस का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट के चेयरमैन कमल चंद्र अग्रवाल, उपाध्यक्ष जे.पी. सिंह, सचिव नीरज विनोद खन्ना, कोषाध्यक्ष रोहित ढल, नोडल अधिकारी नजमुल इस्लाम सहित अवधेश अग्रवाल, महेश चंद्र अग्रवाल, कुणाल दवे एवं राधिका विज मौजूद रहे।

कार्यक्रम में श्री विनोद खन्ना एप्रिसिएशन अवॉर्ड्स के माध्यम से खेल, समाजसेवा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए बॉक्सर रवि कुमार, गगन दुग्गल, विकास कपूर, प्रो. अनिल चौहान एवं सोनू चौहान को सम्मानित किया गया।
ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष रोहित ढल ने ‘Health Forever–Stay Well’ पहल के उद्देश्य और आगामी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहल के माध्यम से मुरादाबाद के लोगों को खेल, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अंतर्गत लॉन टेनिस, पिकलबॉल, जुम्बा, टेबल टेनिस के साथ डाइट एवं स्वास्थ्य परामर्श जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रण विजय सिंह ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ समाज की नींव है। टेनिस और पिकलबॉल जैसे खेलों को बढ़ावा देना सराहनीय पहल है। खेल शारीरिक फिटनेस के साथ अनुशासन और मानसिक मजबूती भी प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ने का आह्वान किया और कहा कि इस सुविधा से शहर की खेल प्रतिभाओं को नया मंच मिलेगा।
ट्रस्ट के सचिव नीरज विनोद खन्ना ने टेनिस कोर्ट की विशेषताओं की जानकारी देते हुए रोकथाम आधारित स्वास्थ्य (प्रिवेंटिव हेल्थ) के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ‘हेल्थ फॉरएवर’ का उद्देश्य उपचार से पहले बचाव की संस्कृति को बढ़ावा देना है। नियमित खेल एवं शारीरिक गतिविधियां हृदय रोग, मधुमेह और तनाव जैसी समस्याओं के जोखिम को कम करने में सहायक हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट भविष्य में भी स्वास्थ्य एवं खेल से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रखेगा। अवधेश अग्रवाल एवं नावेद-उर-रहमान ने भी नियमित खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
चेयरमैन कमल चंद्र अग्रवाल ने गांधी जयंती के अवसर पर महात्मा गांधी के जीवन एवं विचारों को याद करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के साथ मानवता, सादगी, अनुशासन और सेवा-भाव भी आवश्यक हैं। उन्होंने गांधीजी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर ट्रस्ट की ओर से पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रण विजय सिंह को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद रात्रिभोज का आयोजन हुआ।
इस अवसर पर ट्रस्ट के निदेशक डॉ. हरजीत सिंह, जीएम अनुराग शंकर मिश्रा, अमित गुप्ता, सलमान आजम, जिशान अली, सुरेश अग्रवाल, वीरेंद्र अरोड़ा, दीपक कपूर, सुमित टंडन एडवोकेट, विवेक अग्रवाल, ऋषि ढल, रजत ढल, ऋषि पुरी, करण महाजन, विनय गुलाटी, तुषार सिक्का, निशांत रस्तोगी, पूर्व डीजीसी गोपालशील भटनागर, रजत अग्रवाल, दिनेश कपूर, राकेश कपूर, लक्ष्मण खन्ना, प्रमोद खन्ना, संजीव कपूर, राजेश खन्ना, राहुल टंडन, अनुज टंडन, अमित टंडन, अतुल दुबे सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।






