Home उत्तर प्रदेश न्यूज दौलत बाग की गलियों में पहुंचे नगर आयुक्त, परखी सफाई और पेयजल...

दौलत बाग की गलियों में पहुंचे नगर आयुक्त, परखी सफाई और पेयजल व्यवस्था

0
20

सफाई मित्रों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश, कचरा संग्रहण में लापरवाही पर निगरानी बढ़ाने को कहा

मुरादाबाद। (उत्तर केसरी संवाददाता) महानगर में स्वच्छता व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं की जमीनी स्थिति परखने के लिए नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक ने प्रातःकालीन निरीक्षण के दौरान दौलत बाग स्थित मलिन बस्ती का दौरा किया। उन्होंने बस्ती की गलियों और आवासीय क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था, घर-घर कचरा संग्रहण, पेयजल आपूर्ति तथा नगर निगम की ओर से उपलब्ध कराई जा रही जनस्वास्थ्य संबंधी सेवाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने क्षेत्र की गलियों में सफाई की स्थिति देखी और घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमित सफाई के साथ निर्धारित समय पर कचरे का संग्रहण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कूड़े का जमाव होने से नागरिकों को परेशानी के साथ ही जनस्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। इसलिए सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

नगर आयुक्त ने बस्ती में पेयजल आपूर्ति और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की स्थिति भी देखी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मलिन बस्तियों में मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए और सामने आने वाली समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि नगर निगम की सेवाओं का लाभ प्रत्येक नागरिक तक पहुंच सके।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने क्षेत्रीय सफाई एवं खाद्य निरीक्षक के पास उपलब्ध उपस्थिति रजिस्टर का परीक्षण किया और सफाई मित्रों की दर्ज उपस्थिति की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारी को सफाई मित्रों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति और उन्हें आवंटित क्षेत्रों में निर्धारित जिम्मेदारियों का पूरी तरह निर्वहन जरूरी है।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मलिन बस्तियों में सफाई और जनस्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी जारी रखी जाए। साथ ही व्यवस्था में सामने आने वाली कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह, जोनल सेनेटरी अधिकारी अमन शाहिद तथा क्षेत्रीय सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here