Home उत्तर प्रदेश न्यूज खादी जागरूकता रैली में गूंजा स्वदेशी अपनाने का संदेश

खादी जागरूकता रैली में गूंजा स्वदेशी अपनाने का संदेश

0
10

(उत्तर केसरी संवाददाता)
मुरादाबाद। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर क्षेत्रीय गांधी आश्रम में उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड तथा मेरा युवा भारत के संयुक्त तत्वावधान में खादी जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से युवाओं को खादी अपनाने और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सदस्य विधान परिषद उत्तर प्रदेश गोपाल अंजान एवं जिलाधिकारी अनुनय झा ने शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ दोनों अतिथियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद उन्होंने हस्ताक्षर अभियान में भाग लिया और सेल्फी पॉइंट पर सेल्फी भी ली। एमएलसी एवं जिलाधिकारी ने खादी जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर एमएलसी एवं जिलाधिकारी ने आयोजन की सराहना करते हुए इसमें सहयोग करने वाले विभागों और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रैली में शामिल बच्चों एवं युवाओं से संवाद भी किया।

कार्यक्रम के समापन पर एमएलसी गोपाल अंजान ने युवाओं को खादी के प्रति जागरूकता एवं इसे अपनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक खादी अपनाने तथा इसके प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खादी को बढ़ावा देकर देश की समृद्ध परंपरा, स्वदेशी भावना और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सकता है।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी नगर, उपायुक्त उद्योग, जिला युवा अधिकारी, खादी पीएमसी टीम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here