Home उत्तर प्रदेश न्यूज स्वच्छता ही सेवा अभियान में योगदान देने वालों का हुआ सम्मान

स्वच्छता ही सेवा अभियान में योगदान देने वालों का हुआ सम्मान

0
16

महापौर और नगर आयुक्त ने गांधी-शास्त्री के आदर्शों को जीवन में उतारने का किया आह्वान

मुरादाबाद। (उत्तर केसरी संवाददाता) राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर नगर निगम मुरादाबाद के टाउन हॉल में ‘स्वच्छ भारत दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान को जनसहभागिता से जोड़ने में योगदान देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर विनोद अग्रवाल एवं नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया। नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। प्रत्येक नागरिक अपने घर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभाकर गांधी जी के स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान दे सकता है।

उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देश के सैनिकों और किसानों के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उनके सादगीपूर्ण जीवन और राष्ट्र के प्रति समर्पण से सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए।

महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान रहा है। दोनों महापुरुषों का सादगी, सेवा और देश के प्रति समर्पण से परिपूर्ण जीवन आज भी समाज को प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि महानगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम के प्रयासों के साथ प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान 17 सितंबर से संचालित ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्रों, स्वच्छ प्रोत्साहन समिति के सदस्यों, स्वच्छता चैंपियंस, आईईसी टीम के सदस्यों तथा विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अभियान को जनसहभागिता से जोड़ने में उनके योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम के बाद महापौर विनोद अग्रवाल और नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक ने कंपनी बाग पार्क स्थित शहीद स्मारक परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर नगर निगम की आईईसी टीम ने कंपनी बाग में गांधी जी के प्रसिद्ध चश्मे की आकृति में मानव श्रृंखला बनाकर स्वच्छता का संदेश दिया। मानव श्रृंखला के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए महानगर को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here