Home उत्तर प्रदेश न्यूज हाथियों का आतंक और बाढ़ की समस्या को लेकर डीएम से मिले...

हाथियों का आतंक और बाढ़ की समस्या को लेकर डीएम से मिले रेहान खान

0
37
फसलों की सुरक्षा, बाढ़ से हुए नुकसान का मुआवजा और जलभराव के स्थायी समाधान की उठाई मांग

लखीमपुर खीरी। पलिया विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव रेहान खान ने जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने किसानों और ग्रामीणों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए इनके शीघ्र समाधान की मांग की।

जंगली हाथियों से फसलों की सुरक्षा की मांग

ज्ञापन में पलिया क्षेत्र में जंगली हाथियों से फसलों को हो रहे नुकसान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। रेहान खान ने कहा कि जंगल से निकलकर हाथियों के झुंड खेतों और आबादी के आसपास पहुंच रहे हैं। इससे गन्ना, धान सहित अन्य फसलों को नुकसान हो रहा है और ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।

उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में मजबूत तार फेंसिंग और सोलर फेंसिंग कराने के साथ ही वन्यजीव प्रभावित गांवों में वन विभाग की नियमित गश्त और निगरानी बढ़ाने की मांग की।

बाढ़ प्रभावित किसानों के नुकसान का हो सर्वे

रेहान खान ने बारिश और बाढ़ से प्रभावित किसानों की फसलों का तत्काल सर्वे कराकर क्षति का आकलन कराने तथा प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों को हुए नुकसान का समयबद्ध आकलन कर उन्हें राहत उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

उन्होंने पलिया विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ और जलभराव प्रभावित गांवों में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था, नालों एवं जल निकासी मार्गों की सफाई तथा आवश्यक स्थानों पर तटबंधों की मरम्मत कराने की मांग भी रखी।

हर वर्ष सामने आती है जलभराव की समस्या

रेहान खान ने कहा कि क्षेत्र में हर वर्ष बाढ़ और जलभराव की समस्या सामने आती है। ऐसे में केवल तत्काल राहत देने के बजाय इसके स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कार्य किया जाना जरूरी है। उन्होंने जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने तथा संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक स्थायी कार्य कराने की मांग की।

ज्ञापन में वन्यजीवों के हमले से होने वाली जनहानि अथवा फसल क्षति के मामलों में प्रभावित परिवारों को समयबद्ध राहत और मुआवजा दिलाने की मांग भी शामिल की गई। इसके अलावा ग्राम सभा मुझाहा के सर्किल रेट की समीक्षा कर उचित बढ़ोतरी किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया।

अखिलेश यादव को भी समस्याओं से कराया अवगत

रेहान खान ने कहा कि पलिया विधानसभा क्षेत्र की जनता से जुड़े मुद्दों को वह लगातार अधिकारियों के समक्ष उठाते रहे हैं। किसानों के गन्ना भुगतान, बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं, फसल नुकसान और वन्यजीवों से संबंधित मामलों को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की समस्याओं से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी पत्र के माध्यम से अवगत कराया जा चुका है।

बातचीत के दौरान रेहान खान ने कहा कि समाजवादी पार्टी की वर्ष 2027 में सरकार बनने पर इन जनसमस्याओं पर प्राथमिकता से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पलिया विधानसभा क्षेत्र की जनता से जुड़े मुद्दों को आगे भी प्रमुखता से उठाया जाता रहेगा और उनके समाधान के लिए अधिकारियों के समक्ष लगातार प्रयास किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here