Home Uncategorized दंगा किया तो बाप-दादाओं की कमाई से भी हाथ धोना पड़ेगा :...

दंगा किया तो बाप-दादाओं की कमाई से भी हाथ धोना पड़ेगा : योगी

0
18

बरेली में शिक्षक सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा- अब यूपी की पहचान उपद्रव से नहीं, उत्सव से है

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बरेली क्लब ग्राउंड में शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो के समर्थन में आयोजित शिक्षक सम्मेलन को संबोधित करते हुए दंगा करने वालों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में दंगा किया तो बाप-दादाओं की कमाई से भी हाथ धोना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले पर्व और त्योहारों के दौरान बरेली में दंगे होते थे, लेकिन अब दंगा करने वाले जेल में उर्स मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान अब उपद्रव से नहीं, बल्कि उत्सव से है।

मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को राष्ट्र और युग निर्माता बताते हुए कहा कि शिक्षक केवल सरकारी कर्मचारी नहीं हैं। उनके सम्मान, स्वास्थ्य और हितों की चिंता करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था बदहाल थी, लेकिन शिक्षकों ने शिक्षा की ज्योति बुझने नहीं दी। वर्तमान सरकार ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार के साथ शिक्षकों के हितों को भी प्राथमिकता दी है।

साढ़े छह साल में 1.60 लाख से अधिक शिक्षकों की भर्ती

योगी ने कहा कि वर्ष 2017 में बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग में 1.60 लाख से अधिक पद रिक्त थे। सरकार ने साढ़े छह वर्ष में पारदर्शी तरीके से इतने ही शिक्षकों की भर्ती की है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सपा सरकार में चयन बोर्ड में परिवार और रिश्तेदारों को बैठाकर भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित किया जाता था। अब योग्य युवाओं को बिना भेदभाव रोजगार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पहले परीक्षाओं के परिणाम के लिए छह महीने तक इंतजार करना पड़ता था, जबकि अब मुख्य परीक्षा के 14 दिन के भीतर और उसके अगले 14 दिन में परिणाम घोषित करने की व्यवस्था की गई है।

शिक्षकों को कैशलेस इलाज और बीमा सुविधा

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेसिक, माध्यमिक, उच्च शिक्षा और स्ववित्तपोषित संस्थानों के शिक्षकों को कैशलेस उपचार की सुविधा दी गई है। शिक्षामित्र, अनुदेशक और रसोइये भी इस सुविधा से जुड़े हैं। माध्यमिक शिक्षकों को 80 लाख से डेढ़ करोड़ रुपये तक का बीमा कवर दिया गया है। रसोइयों को पांच लाख रुपये का कैशलेस स्वास्थ्य कवर और दो लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है। राज्य शिक्षक पुरस्कार की राशि और पुरस्कार पाने वाले शिक्षकों की संख्या भी बढ़ाई गई है।

गांवों में स्मार्ट क्लास और डिजिटल लाइब्रेरी

योगी ने कहा कि ऑपरेशन कायाकल्प और प्रोजेक्ट अलंकार के माध्यम से विद्यालयों में सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी और अटल टिंकरिंग लैब के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य गांव के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा और तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने पिछली सपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उस समय मुख्यमंत्री आवास पर गरीबों और शिक्षकों के बजाय गैंगस्टर, दंगाई और फिरौती वसूलने वाले बुलाए जाते थे। उन्होंने कहा कि अब माफिया के खिलाफ कार्रवाई होती है तो सपा नेताओं को परेशानी होती है। उन्होंने बरेली की नाथ नगरी के रूप में पहचान का उल्लेख करते हुए संभल के 68 तीर्थों और 19 कूपों के पुनर्जीवन की दिशा में किए जा रहे कार्यों का भी जिक्र किया।

साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश के साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। इस अवधि में प्रदेश की अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय तीन गुना बढ़ी है। उन्होंने बताया कि शाहजहांपुर में स्वामी सुखदेवानंद और मुरादाबाद में गुरु जंभेश्वर के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित किए गए हैं। भदोही और कुशीनगर में भी विश्वविद्यालय दिए गए हैं तथा सरकार प्रत्येक जिले में विश्वविद्यालय स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से 23 अक्टूबर को मतदान में भाग लेने और भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो को विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने डॉ. ढिल्लो को ‘सरदार के साथ असरदार’ बताते हुए शिक्षकों से समर्थन मांगा।

वित्त मंत्री और माध्यमिक शिक्षा मंत्री ने भी मांगा समर्थन

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि शिक्षक एमएलसी चुनाव विधानसभा चुनाव से पहले शिक्षित वर्ग में भाजपा की लोकप्रियता का संकेत देगा। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने छह करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों के हित में कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उन्होंने विपक्ष पर विकास कार्यों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाते हुए डॉ. हरि सिंह ढिल्लो को शिक्षकों के लिए सहज उपलब्ध रहने वाला प्रत्याशी बताया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, जयेंद्र प्रताप सिंह राठौर, अरुण कुमार सक्सेना, संजय गंगवार, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार और राज्यसभा सदस्य श्रुति गंगवार समेत भाजपा के कई नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में धर्मपाल सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को स्मृति चिह्न भेंट किया।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here