कांठ रोड पर बंद मिली सजावटी लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश, सार्वजनिक शौचालय बंद मिलने पर संचालन एजेंसी को नोटिस

मुरादाबाद। महानगर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और मार्ग प्रकाश व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक ने मंगलवार शाम विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। शाम करीब सात बजे अपर नगर आयुक्त प्रथम अतुल कुमार के साथ किए गए निरीक्षण में उन्होंने मार्ग प्रकाश व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया और खराब प्रकाश बिंदुओं को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कांठ रोड स्थित क्राइस्ट हॉस्पिटल के पास सजावटी लाइटें बंद मिलीं। इस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तकनीकी खराबी की तत्काल जांच कराने और आवश्यक मरम्मत कराकर प्रकाश व्यवस्था जल्द सुचारू करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में मार्ग प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान जिन स्थानों पर प्रकाश बिंदु खराब अथवा बंद मिले, उनकी जियो-टैग लोकेशन पथ प्रकाश प्रभारी एवं संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराते हुए तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।
लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
नगर आयुक्त ने सभी अपर नगर आयुक्तों, संयुक्त नगर आयुक्तों और सहायक नगर आयुक्तों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर मार्ग प्रकाश व्यवस्था की निगरानी करें। किसी स्थान पर प्रकाश बिंदु खराब मिलने पर संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर तत्काल कार्रवाई कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मार्ग प्रकाश व्यवस्था के रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सार्वजनिक शौचालय बंद मिलने पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान कांठ रोड पर एक सार्वजनिक शौचालय बंद मिला। इस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए नगर स्वास्थ्य अधिकारी को संबंधित संचालन एजेंसी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महानगर के सभी सार्वजनिक शौचालय निर्धारित समय में अनिवार्य रूप से खुले रहने चाहिए। साथ ही उनकी नियमित साफ-सफाई और समुचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों के संचालन की नियमित निगरानी करने और भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही की पुनरावृत्ति न होने देने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पथ प्रकाश अभियंता अनिल कुमार मौजूद रहे।






