Home उत्तर प्रदेश न्यूज इलेक्ट्रिक बस डिपो का अधिकारियों ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के...

इलेक्ट्रिक बस डिपो का अधिकारियों ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

0
10

चार्जिंग व्यवस्था, बसों के रखरखाव और साफ-सफाई का लिया जायजा

(उत्तर केसरी संवाददाता)
मुरादाबाद। लाकड़ी फाजलपुर स्थित इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग डिपो का मंगलवार को प्रबंध निदेशक अम्बरीन अख्तर और उप मुख्य यांत्रिक अभियंता अनुराग यादव ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने डिपो परिसर का भ्रमण कर इलेक्ट्रिक बसों के संचालन, चार्जिंग व्यवस्था, रखरखाव, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने डिपो में मौजूद इलेक्ट्रिक बसों की स्थिति और उनके नियमित संचालन के संबंध में कर्मचारियों से जानकारी ली। उन्होंने बसों की चार्जिंग प्रक्रिया, चार्जिंग प्वाइंट की व्यवस्था तथा डिपो परिसर में वाहनों के आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी देखा। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि बस संचालन में तकनीकी अथवा प्रबंधन स्तर पर किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

बसों की नियमित जांच पर जोर

अधिकारियों ने डिपो परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही बसों की नियमित जांच और समय से आवश्यक रखरखाव सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि यात्रियों को सफर के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि बसों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चार्ज किया जाए और उनकी तकनीकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए।

उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसें शहर में यात्रियों को सुगम और बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसलिए इनके संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित और सुचारु रखना जरूरी है। डिपो में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने तथा सामने आने वाली तकनीकी समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान कराने के निर्देश भी दिए गए।

कर्मचारियों से जानी समस्याएं

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने डिपो में तैनात कर्मचारियों से बस संचालन से संबंधित जानकारी ली और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के बारे में भी पूछा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान डिपो के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here