दशहरा और दीपावली को लेकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के दिए निर्देश

(उत्तर केसरी संवाददाता)
मुरादाबाद। आगामी दशहरा एवं दीपावली पर्व को देखते हुए जिलाधिकारी अनुनय झा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने थाना मझोला क्षेत्र के कुन्दनपुर रामलीला मैदान का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने रामलीला आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर भीड़ प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध तथा अग्निशमन संबंधी तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।
जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अग्निशमन विभाग के अधिकारियों सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन स्थल पर किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधनों और व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
अधिकारियों ने निर्देशित किया कि दशहरा एवं दीपावली के दौरान भीड़ और यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी आवश्यक प्रबंध आयोजन से पहले ही पूरे कर लिए जाएं।





