Home देश ममता बनर्जी पर चाकू से हमले की कोशिश का दावा

ममता बनर्जी पर चाकू से हमले की कोशिश का दावा

0
18
कालीघाट आवास के पास दुर्गापूजा पंडाल के उद्घाटन के लिए जा रही थीं पूर्व मुख्यमंत्री, महिला हिरासत में

(उत्तर केसरी संवाददाता)
कलकत्ता। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर मंगलवार शाम उनके कालीघाट स्थित आवास के पास चाकू से हमले की कोशिश किए जाने का मामला सामने आया है। घटना शाम करीब छह बजे की बताई गई है। उस समय ममता बनर्जी मिलन संघ दुर्गापूजा पंडाल का उद्घाटन करने के लिए जा रही थीं। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

तृणमूल कांग्रेस की पूर्व राज्यसभा सांसद डोला सेन ने घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार, हमले की कोशिश करने के आरोप में तनिष्ठा साहा नाम की महिला को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच कर रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई जा रही है।

डोला सेन के मुताबिक, महिला कथित तौर पर नशे की हालत में थी और गाली-गलौज करते हुए हाथ में चाकू लेकर ममता बनर्जी की ओर बढ़ रही थी। बताया गया कि महिला ने खुद को ममता बनर्जी की भतीजी बताया और उनके पास पहुंचने का प्रयास किया। इस दौरान उसने सड़क पर लेटकर भी हंगामा किया।

डोला सेन ने ममता बनर्जी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि उन्हें जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। ऐसे में उनके आवास के पास किसी व्यक्ति का हथियार लेकर पहुंचना गंभीर सुरक्षा चिंता का विषय है। उन्होंने घटना के पीछे किसी साजिश की आशंका की भी बात कही है।

पुलिस का कहना है कि महिला को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल के वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मौके पर मौजूद लोगों के बयान भी लिए जाएंगे। पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here