संगठन सृजन अभियान के बाद दावेदारों के साक्षात्कार, अब नए प्रदेश नेतृत्व से घोषणा की उम्मीद
(उत्तर केसरी संवाददाता)
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष के बदलाव के बाद अब मुरादाबाद के जिला और शहर अध्यक्षों के नामों की घोषणा को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की निगाहें टिकी हैं। कांग्रेस ने शुक्रवार को आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।
मुरादाबाद में संगठन सृजन अभियान के तहत अध्यक्ष पद के दावेदारों से रायशुमारी और साक्षात्कार की प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है। अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के पूर्व सांसद मोहन मरकाम पर्यवेक्षक के रूप में 11 से 17 अगस्त तक मुरादाबाद में रहे थे। उन्होंने पुराने और सक्रिय कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन की स्थिति तथा आगामी चुनाव को लेकर फीडबैक लिया था। 17 अगस्त को अध्यक्ष पद के दावेदारों के साक्षात्कार भी हुए थे।
इसके बाद जिला और शहर अध्यक्ष पद के दावेदारों को सूची जारी होने का इंतजार है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, संगठन सृजन अभियान के बाद नामों की सूची प्रदेश नेतृत्व को भेजी जा चुकी थी, लेकिन प्रदेश कांग्रेस में बदलाव के चलते घोषणा टल गई। अब नए प्रदेश नेतृत्व के सामने जिला और शहर इकाइयों में नियुक्तियों को लेकर अगली प्रक्रिया आगे बढ़ने की संभावना है।
पार्टी के भीतर चर्चा है कि अध्यक्षों के चयन में संगठन में सक्रियता, कार्यकर्ताओं से समन्वय और चुनावी तैयारियों से जुड़े फीडबैक को ध्यान में रखा जा सकता है। कुछ मौजूदा अध्यक्षों को जिम्मेदारी दोबारा मिलने की संभावना जताई जा रही है, जबकि संगठनात्मक निष्क्रियता या आपसी मतभेद से जुड़े फीडबैक वाले पदों पर बदलाव की चर्चा है। हालांकि, अंतिम निर्णय और नामों की घोषणा कांग्रेस नेतृत्व की ओर से किया जाना बाकी है।






