3.80 लाख रुपये और सोने-हीरे के आभूषण बरामद, साथी के साथ मैरिज हॉल में वेटर बनकर करते थे वारदात

मुरादाबाद। (उत्तर केसरी संवाददाता) मझोला थाना पुलिस ने विवाह समारोह के दौरान आभूषणों से भरा बैग चोरी करने के मामले में प्रकाश में आए एक बाल अपचारी को हिरासत में लेकर न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने-हीरे के आभूषण तथा 3.80 लाख रुपये की नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 22 सितंबर को रामगंगा विहार फेज-2 निवासी अश्वनी सेठी ने ड्राइव इन में आयोजित विवाह समारोह के दौरान सोने एवं हीरे के आभूषणों से भरा बैग चोरी होने की शिकायत की थी। तहरीर के आधार पर मझोला थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सिविल लाइंस के पर्यवेक्षण में मझोला पुलिस टीम ने शुक्रवार को जनपद राजगढ़, मध्य प्रदेश निवासी एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया। उसके कब्जे से पीली धातु का गले का हार, दो कान के झुमके, सफेद धातु की हीरे जड़ी अंगूठी और 3.80 लाख रुपये बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
मैरिज हॉल में वेटर बनकर करते थे रेकी

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में बाल अपचारी ने बताया कि वह अपने साथी के साथ बड़े शहरों में घूमकर मैरिज हॉल में होने वाले समारोहों को निशाना बनाते थे। दोनों वेटर आदि के कपड़े पहनकर समारोह में प्रवेश करते और ऐसे व्यक्ति को निशाना बनाते, जिसके पास आभूषण या नकदी से भरा बैग अथवा पर्स होता था। मौका मिलते ही बैग लेकर बाहर निकल जाते और साथी की मोटरसाइकिल से फरार हो जाते थे।
बाल अपचारी ने पुलिस को बताया कि करीब 10-12 दिन पहले उसने मध्य प्रदेश निवासी बोबी पुत्र दिनेश के साथ मिलकर मुरादाबाद के एक होटल में आभूषणों से भरा बैग चोरी किया था। पुलिस के अनुसार बरामद आभूषण उसी चोरी के हैं। उसने बताया कि बैग में मौजूद एक जोड़ी कंगन को रास्ते में एक व्यक्ति को चार लाख रुपये में बेच दिया था, जिसमें से 20 हजार रुपये खर्च हो चुके थे। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।






