बचाने के प्रयास में एक-एक कर गहरे पानी में समाए, गोताखोरों ने रेस्क्यू कर निकाले शव

(उत्तर केसरी ब्यूरो)
झांसी। मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर श्राद्ध कर्म के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सुखनई नदी में एक ही परिवार के पांच लोग डूब गए। हादसे में बाप-बेटे, भतीजे और भांजे समेत पांच लोगों की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि परिवार के लोग श्राद्ध कर्म के लिए सुखनई नदी में उतरे थे। इसी दौरान गहरे पानी में एक व्यक्ति का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में बहने लगा। उसे बचाने के प्रयास में एक-एक कर परिवार के अन्य लोग भी गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस गोताखोरों की टीम के साथ मौके पर पहुंची। करीब 30 मिनट तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद गोताखोरों ने पांचों के शव नदी से बाहर निकाल लिए।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।






