Home उत्तर प्रदेश न्यूज ग्रेटर नोएडा में 13 से 15 दिसंबर तक सजेगा ‘ग्लोबल भक्ति फेस्ट...

ग्रेटर नोएडा में 13 से 15 दिसंबर तक सजेगा ‘ग्लोबल भक्ति फेस्ट 2026’ का विराट आध्यात्मिक मंच

0
14

13 अखाड़ों, 12 ज्योतिर्लिंगों और चार धामों के प्रतिनिधि संतों का होगा महासंगम

भजन क्लबिंग और लाइव कॉन्सर्ट के जरिए भक्ति-संगीत का मिलेगा अनूठा अनुभव

(उत्तर केसरी संवाददाता)

ग्रेटर नोएडा, 28 नवंबर। भारत की समृद्ध आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सनातन परंपरा को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने के उद्देश्य से एशिया के प्रथम एवं सबसे बड़े वैश्विक भक्ति महोत्सव ‘ग्लोबल भक्ति फेस्ट 2026’ का आयोजन 13 से 15 दिसंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में किया जाएगा। इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (आईईएमएल) की ओर से आयोजित इस तीन दिवसीय महोत्सव में देशभर के संतों, आध्यात्मिक गुरुओं, धर्माचार्यों, विद्वानों, कलाकारों और भक्ति संगीत से जुड़े प्रतिष्ठित लोगों का समागम होगा। आयोजन का उद्देश्य भारतीय आध्यात्मिक ज्ञान और सनातन परंपराओं को नई पीढ़ी से जोड़ने के साथ विश्वभर में शांति, सद्भाव और आत्मबोध का संदेश पहुंचाना है।

महोत्सव के आयोजन से पूर्व आयोजित मीडिया संवाद में आध्यात्मिक जगत, कला, संस्कृति और आयोजन से जुड़ी अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों ने शिरकत की। इनमें श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी प्रेमानंद पुरी जी महाराज, वरिष्ठ महामंडलेश्वर, पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी; परम पूज्य गोस्वामी सुशील जी महाराज, राष्ट्रीय संयोजक, भारतीय सर्व धर्म संसद; योगी प्रियव्रत अनीमेश, आध्यात्मिक चिंतक एवं मार्गदर्शक तथा उज्जैन की प्रतिष्ठित कलाकार फाल्गुनी अग्रवाल शामिल रहीं। आयोजकों की ओर से आईईएमएल के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार, ग्लोबल भक्ति फेस्ट के सह-संस्थापक एवं इंडेवा होटल्स एंड रिसॉर्ट्स के सीईओ बरुण गुप्ता तथा सह-संस्थापक एवं सोलट्रैक्स प्रोडक्शंस के निदेशक सिद्धांत भाटिया ने आयोजन की रूपरेखा और उद्देश्य साझा किए।

10 हजार वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में होगा आयोजन

आईईएमएल के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि ग्लोबल भक्ति फेस्ट का मूल उद्देश्य युवा भारत को अपनी सभ्यतागत ज्ञान परंपरा की गहराई से परिचित कराना है। अध्यात्म को केवल धार्मिक अनुष्ठानों और ग्रंथों तक सीमित रखने के बजाय उसे दैनिक जीवन का रोचक, सार्थक और उपयोगी हिस्सा बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय आध्यात्मिक विरासत में जीवन को बेहतर बनाने और समाज को सकारात्मक दिशा देने की व्यापक क्षमता है।

ग्लोबल भक्ति फेस्ट के सह-संस्थापक बरुण गुप्ता ने कहा कि महोत्सव के माध्यम से सनातन की विविध विचारधाराओं और आध्यात्मिक परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। भारत की धरती से संपूर्ण विश्व को शांति और सद्भाव का संदेश देना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।

पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी प्रेमानंद पुरी जी महाराज ने कहा कि इंडिया एक्सपो सेंटर इस आयोजन के माध्यम से एक तीर्थस्थल का स्वरूप लेने जा रहा है। जिन संतों के दर्शन के लिए श्रद्धालु कुंभ में हजारों किलोमीटर की यात्रा करते हैं, उनके दर्शन 13 दिसंबर को यहां सहज रूप से कर सकेंगे। उन्होंने इसे भक्ति की गंगा के श्रद्धालुओं के द्वार तक पहुंचने जैसा अवसर बताया।

100 से अधिक प्रदर्शक ब्रांड और प्रतिदिन 10 हजार से अधिक संगीत प्रेमियों के पहुंचने की संभावना

भारतीय सर्व धर्म संसद के राष्ट्रीय संयोजक गोस्वामी सुशील जी महाराज ने कहा कि ग्रेटर नोएडा की धरती पर आध्यात्मिक इतिहास का नया अध्याय लिखा जा रहा है, जिसकी पहचान विश्वभर में होगी। उन्होंने इस विराट आयोजन की परिकल्पना और उसे साकार करने के प्रयासों के लिए डॉ. राकेश कुमार की दूरदर्शिता की सराहना की। वहीं, सिद्धांत भाटिया ने महोत्सव के मूल सूत्र ‘ध्यानं, ज्ञानं, विज्ञानं एवं प्रज्ञानं’ को रेखांकित करते हुए मीडिया से इस आध्यात्मिक अभियान का सहभागी बनने और भक्ति के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।

केंद्रीय मंत्री करेंगे महोत्सव का उद्घाटन

ग्लोबल भक्ति फेस्ट का उद्घाटन 13 दिसंबर को शाम पांच बजे भारत सरकार के केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह करेंगे। 14 दिसंबर को केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री, विख्यात संत, आध्यात्मिक गुरु और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां भी महोत्सव में सहभागिता करेंगी।

13 अखाड़ों, 12 ज्योतिर्लिंगों और चार धामों के प्रतिनिधियों का महासंगम

महोत्सव का प्रमुख आकर्षण देश के 13 अखाड़ों, 12 ज्योतिर्लिंगों और चार धामों के आध्यात्मिक प्रतिनिधियों सहित संतों एवं धर्मगुरुओं का महासंगम होगा। इसके साथ ही धार्मिक संस्थानों, रहस्यवादी साधकों, विद्वानों, विचारकों, कलाकारों, स्वास्थ्य एवं कल्याण विशेषज्ञों और उद्यमियों की सहभागिता भी रहेगी। आयोजकों के अनुसार, 10 हजार वर्गमीटर से अधिक प्रदर्शनी क्षेत्र में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में 100 से अधिक प्रदर्शक ब्रांड, 20 हजार से अधिक बी2बी एवं बी2सी खरीदार और दो हजार से अधिक विशिष्ट प्रतिनिधि शामिल होंगे। वहीं, प्रतिदिन 10 हजार से अधिक संगीत प्रेमियों के पहुंचने की संभावना है।

तीन प्रमुख आकर्षणों में सिमटेगा भक्ति और संस्कृति का संसार

ग्लोबल भक्ति फेस्ट को तीन प्रमुख हिस्सों में विभाजित किया गया है। पहला आकर्षण ‘जीबीएफ एक्सपो’ यानी भक्ति बाजार होगा। इसमें आगंतुकों को प्रामाणिक पूजा सामग्री, पवित्र अर्पण सामग्री, धार्मिक ग्रंथों, देवी-देवताओं की प्रतिमाओं, धार्मिक कलाकृतियों और मंदिरों से संबंधित वस्तुओं को देखने, खरीदने और उनकी सोर्सिंग करने का अवसर मिलेगा। इसके माध्यम से धार्मिक एवं आध्यात्मिक उत्पादों से जुड़े उद्यमियों और खरीदारों को भी एक मंच उपलब्ध होगा।

दूसरा प्रमुख आकर्षण ‘जीबीएफ कॉन्फ्लुएंस’ यानी भक्ति कॉन्क्लेव होगा। इसमें संतों, साध्वियों, आध्यात्मिक गुरुओं, विद्वानों, नीति निर्माताओं, प्रेरक वक्ताओं, रहस्यवादी साधकों और स्वास्थ्य एवं कल्याण विशेषज्ञों के बीच विचारों तथा अनुभवों का आदान-प्रदान होगा। इस मंच पर अध्यात्म, जीवन दर्शन, भारतीय ज्ञान परंपरा और समकालीन समाज में आध्यात्मिकता की भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा होगी।

तीसरा आकर्षण ‘जीबीएफ कॉन्सर्ट’ यानी भजन क्लबिंग होगा, जिसमें भक्ति संगीत को आधुनिक संगीत प्रस्तुतियों के साथ नए अंदाज में पेश किया जाएगा। इसमें आत्मा को स्पर्श करने वाले भजन, कीर्तन, मंत्रोच्चार, शास्त्रीय संगीत, सूफी संगीत, फ्यूजन, इलेक्ट्रॉनिका और समकालीन भक्ति संगीत की प्रस्तुतियां होंगी। देश के ख्यातिप्राप्त कलाकार और विशेष अतिथि इस संगीतमय उत्सव का हिस्सा बनेंगे। लाइव कॉन्सर्ट के माध्यम से युवाओं और संगीत प्रेमियों को भक्ति से जुड़ने का एक अलग अनुभव देने की तैयारी है।

आयोजकों के अनुसार, ग्लोबल भक्ति फेस्ट 2026 केवल आस्था और धार्मिक परंपराओं का उत्सव नहीं, बल्कि भक्ति से आत्मखोज, सांस्कृतिक चेतना से आत्मबोध और प्राचीन भारतीय ज्ञान से जागरूक भविष्य की ओर बढ़ने का प्रयास है। इस महोत्सव के जरिए अध्यात्म, संस्कृति, संगीत, ज्ञान और उद्यमिता को एक साझा मंच पर लाकर भारत की सभ्यतागत विरासत और उसकी मूल आत्मा को वैश्विक स्तर पर अभिव्यक्त किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here