Home उत्तर प्रदेश न्यूज ईपीसीएच के केंद्रीय क्षेत्र के चुनाव में अवधेश अग्रवाल ने वापस लिया...

ईपीसीएच के केंद्रीय क्षेत्र के चुनाव में अवधेश अग्रवाल ने वापस लिया नामांकन

0
62

अजय गुप्ता (जिमी) के समर्थन में आपसी सहमति से हुआ निर्णय

(उत्तर केसरी संवाददाता)
मुरादाबाद। हस्तशिल्प निर्यातकों के प्रमुख संगठन एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल फॉर हैंडीक्राफ्ट्स (ईपीसीएच) के आगामी केंद्रीय क्षेत्र के चुनाव को लेकर मुरादाबाद में आपसी सहमति से महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। एक्सपोमार्ट के चेयरमैन श्री राकेश कुमार और यंग एंटरप्रेन्योर्स सोसाइटी (वाईईएस) के चीफ पैट्रन श्री नीरज खन्ना की अध्यक्षता में आयोजित संयुक्त बैठक में एक सीट के लिए चुनाव मैदान में उतरे दो प्रत्याशियों श्री अवधेश अग्रवाल और श्री अजय गुप्ता (जिमी) के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। संगठन की एकता और व्यापक हितों को प्राथमिकता देते हुए श्री अवधेश अग्रवाल ने स्वेच्छा से अपना नामांकन वापस लेने का निर्णय लिया।

राकेश कुमार और नीरज खन्ना ने की पहल

इस निर्णय से मुरादाबाद के उन अनेक निर्यातकों को राहत मिली, जो एक ही सीट पर दो प्रत्याशियों के चुनाव मैदान में होने के कारण असमंजस की स्थिति में थे। बैठक में श्री राकेश कुमार और श्री नीरज खन्ना ने श्री अजय गुप्ता को बधाई दी तथा श्री अवधेश अग्रवाल के निर्णय की सराहना की। उन्होंने इसे आपसी सौहार्द, सहयोग और संगठनात्मक एकता को मजबूत करने वाला सकारात्मक कदम बताया।

निर्यातकों ने ली राहत की सांस

इस अवसर पर श्री अजय गुप्ता ने श्री अवधेश अग्रवाल का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका यह निर्णय संगठन के व्यापक हित में महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में सभी संस्थाएं और संगठन एकजुट होकर हस्तशिल्प निर्यात को प्रोत्साहित करने, निर्यातकों के हितों की रक्षा करने तथा मुरादाबाद के हस्तशिल्प उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए मिलकर कार्य करेंगे।
बैठक में मुरादाबाद हैंडीक्राफ्ट्स एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन (एमएचईए) के संरक्षक श्री नजमुल इस्लाम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने हस्तशिल्प निर्यात उद्योग की मौजूदा परिस्थितियों और निर्यातकों के हितों को ध्यान में रखते हुए आपसी सहमति बनाने में सहयोग किया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में लघु उद्योग भारती के प्रदेश महामंत्री श्री अमित अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष श्री हेमंत जुनेजा, मुरादाबाद जिला अध्यक्ष श्री ऋचित अग्रवाल और उपाध्यक्ष श्री शरद अग्रवाल भी उपस्थित रहे। सभी ने आपसी एकता, समन्वय और सहयोग बनाए रखते हुए मुरादाबाद के हस्तशिल्प निर्यात उद्योग के विकास के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here