Home उत्तर प्रदेश न्यूज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से टीएमयू के शीर्ष प्रबंधन की शिष्टाचार भेंट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से टीएमयू के शीर्ष प्रबंधन की शिष्टाचार भेंट

0
78

कुलाधिपति सुरेश जैन, जीवीसी मनीष जैन और ईडी अक्षत जैन ने लखनऊ में की मुलाकात, विश्वविद्यालय की शोध, नवाचार, स्टार्टअप और रैंकिंग उपलब्धियों से कराया अवगत

टीएमयू की ओर से मुख्यमंत्री को भेंट की गई श्री शिव परिवार की मूर्ति, विश्वविद्यालय में पुनः मंगल आगमन का दिया आमंत्रण

(उत्तर केसरी संवाददाता)
मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय (टीएमयू) के शीर्ष प्रबंधन ने शनिवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सुरेश जैन, जीवीसी मनीष जैन और एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर अक्षत जैन ने मुख्यमंत्री के सरकारी कार्यालय में मुलाकात कर विश्वविद्यालय की विकास यात्रा, शैक्षणिक उपलब्धियों, शोध एवं नवाचार सहित विभिन्न क्षेत्रों में अर्जित प्रगति की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर भी इस शिष्टाचार भेंट को साझा किया गया।

भेंटवार्ता के दौरान सर्वप्रथम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और टीएमयू के शीर्ष प्रबंधन ने एक-दूसरे का कुशलक्षेम जाना। इसके बाद कुलाधिपति सुरेश जैन, जीवीसी मनीष जैन और ईडी अक्षत जैन ने बारी-बारी से मुख्यमंत्री को विश्वविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों और उपलब्धियों से अवगत कराया। उन्होंने टीएमयू में शोध एवं अनुसंधान, नवाचार, स्टार्टअप तथा विद्यार्थियों के लिए विकसित किए जा रहे नए अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही विश्वविद्यालय को हाल में प्राप्त राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर की रैंकिंग और उपलब्धियों के बारे में भी मुख्यमंत्री को अपडेट किया।

उपलब्धियों पर मुख्यमंत्री ने जताया संतोष

टीएमयू के शीर्ष प्रबंधन द्वारा विश्वविद्यालय की विकास यात्रा और उपलब्धियों की जानकारी दिए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की सराहना करते हुए उच्च शिक्षा, शोध, नवाचार और युवाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य करने के लिए साधुवाद दिया। मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश में उच्च शिक्षा और शैक्षणिक संस्थानों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा विश्वविद्यालयों की प्रगति में सरकार का आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन निरंतर मिलता रहेगा।

इस दौरान टीएमयू के शीर्ष प्रबंधन ने मुख्यमंत्री के साथ विश्वविद्यालय के भविष्य के विकास और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उसकी भूमिका को लेकर भी संवाद किया। विश्वविद्यालय की ओर से प्रदेश के शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास में योगदान देने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

टीएमयू परिवार के प्रति मुख्यमंत्री का रहा है विशेष स्नेह

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय परिवार के साथ निरंतर आत्मीय संबंध रहा है। पूर्व में मुख्यमंत्री का टीएमयू परिसर में मंगल आगमन भी हो चुका है। वहीं विश्वविद्यालय के शीर्ष प्रबंधन की समय-समय पर मुख्यमंत्री से मुलाकात होती रही है। इस मुलाकात को भी इसी आत्मीय एवं सकारात्मक संबंध की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री को भेंट की श्री शिव परिवार की मूर्ति

शिष्टाचार भेंट के अंत में टीएमयू के कुलाधिपति सुरेश जैन और जीवीसी मनीष जैन की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को श्री शिव परिवार की मूर्ति भेंट की गई। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने मुख्यमंत्री को टीएमयू परिसर में पुनः मंगल आगमन के लिए सादर आमंत्रित भी किया। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण को स्वीकार करते हुए विश्वविद्यालय परिवार के प्रति अपनी आत्मीयता एवं शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

मुख्यमंत्री कार्यालय के एक्स अकाउंट पर इस मुलाकात को साझा किया जाना भी इस शिष्टाचार भेंट के महत्व को रेखांकित करता है। टीएमयू परिवार में मुख्यमंत्री के साथ हुई इस महत्वपूर्ण मुलाकात को लेकर उत्साह है। विश्वविद्यालय प्रबंधन का मानना है कि प्रदेश सरकार के सहयोग और मार्गदर्शन से उच्च शिक्षा, शोध, नवाचार और स्टार्टअप के क्षेत्र में टीएमयू की विकास यात्रा को और गति मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here