यस ने बाजारों में पार्किंग, जाम और अतिक्रमण की समस्या के समाधान के लिए दिए सुझाव

(उत्तर केसरी संवाददाता)
मुरादाबाद। आगामी त्योहारों के मद्देनजर सामाजिक सौहार्द, कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और बाजारों में सुव्यवस्था बनाए रखने को लेकर एसपी सिटी की अध्यक्षता में व्यापार मंडलों एवं विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों ने बाजारों में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के साथ पार्किंग और जाम की समस्या के समाधान को लेकर सुझाव दिए।
यंग एंटरप्रेनर्स सोसाइटी की ओर से वाइस चेयरमैन विवेक अग्रवाल, डायरेक्टर उज्ज्वल अग्रवाल एवं लव वाधवा ने बैठक में सहभागिता की। ल्म्ै प्रतिनिधिमंडल ने आगामी त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं जिला प्रशासन को संगठन की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में बाजारों में यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन, पार्किंग, अतिक्रमण और जाम की समस्या पर विस्तार से चर्चा हुई। यस की ओर से सुझाव दिया गया कि चार पहिया वाहनों से बाजार आने वाले नागरिकों, विशेषकर स्वयं वाहन चलाकर आने वाली महिलाओं की सुविधा के लिए प्रमुख स्थानों पर अस्थायी एवं सुव्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था की जाए।
संगठन ने सुझाव दिया कि सिविल लाइंस क्षेत्र में कमिश्नरी के सामने इलाहाबाद बैंक के निकट पार्किंग उपलब्ध कराई जा सकती है। वहीं स्टेशन रोड एवं दिल्ली रोड की ओर से बाजार आने वाले लोगों के लिए पारकर कॉलेज में पार्किंग की व्यवस्था किए जाने का सुझाव दिया गया। यहां वाहन खड़े करने के बाद लोग रिक्शे अथवा पैदल बाजार तक पहुंच सकेंगे, जिससे मुख्य बाजारों में वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
यस के सुझाव को एसपी सिटी ने गंभीरता से लेते हुए उपयोगी एवं व्यावहारिक बताया। बैठक में व्यापारिक संगठनों से भी अपील की गई कि वे त्योहारों के दौरान पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें तथा अपने प्रतिष्ठानों के आसपास अनावश्यक अतिक्रमण न होने दें। निर्धारित पार्किंग और यातायात व्यवस्था का पालन कराने के साथ बाजारों में स्वच्छता एवं सुव्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
अधिकारियों एवं व्यापारिक संगठनों ने नागरिकों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने, अफवाहों एवं अपुष्ट सूचनाओं को प्रसारित न करने तथा किसी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचना देने की अपील की। यस ने कहा कि संगठन त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन के साथ मिलकर सहयोग करता रहेगा।





