Home उत्तर प्रदेश न्यूज राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं शिक्षक : ब्रजेश पाठक

राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं शिक्षक : ब्रजेश पाठक

0
52

उपमुख्यमंत्री ने शिक्षक सम्मेलन में शिक्षा की गुणवत्ता, शिक्षक हित और विधान परिषद चुनाव पर रखे विचार

(उत्तर केसरी संवाददाता)
मुरादाबाद, 17 अक्टूबर। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि शिक्षक किसी भी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति और भावी पीढ़ी के निर्माता होते हैं। विद्यार्थियों में ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सशक्त, शिक्षित और विकसित भारत के निर्माण का मार्ग गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से होकर गुजरता है, जिसमें शिक्षक सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं।

वह शनिवार को बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आयोजित मुरादाबाद जिला/महानगर शिक्षक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में उन्होंने शिक्षकों के साथ संवाद करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता, शिक्षक हितों के संरक्षण, विधान परिषद चुनाव और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका पर अपने विचार रखे।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान, उनके हितों की रक्षा और शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाना सामूहिक जिम्मेदारी है। शिक्षकों के अनुभव, सुझाव और अपेक्षाएं शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके चरित्र निर्माण, सामाजिक मूल्यों और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध को भी मजबूत करते हैं। शिक्षक के मार्गदर्शन में तैयार होने वाली युवा पीढ़ी ही देश के विकास और समाज के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने कहा कि शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव होने हैं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षकों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों के साथ निरंतर संवाद आवश्यक है। संवाद के माध्यम से उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों को समझकर शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर वातावरण तैयार किया जा सकता है। शिक्षक सशक्त होंगे तो शिक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी तथा राष्ट्र निर्माण का संकल्प नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

शिक्षकों के योगदान की सराहना

ब्रजेश पाठक ने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है। यह चरित्र निर्माण, सामाजिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिक तैयार करने का सशक्त माध्यम है। शिक्षक अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए देश की भावी पीढ़ी को योग्य, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

सम्मेलन में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह सैनी, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी एवं विधान परिषद सदस्य हरि सिंह ढिल्लों, विधान परिषद सदस्य डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, कुंवर महाराज सिंह, गोपाल अंजान, भाजपा प्रदेश मंत्री प्रमेंद्र जांगड़ा, महापौर विनोद अग्रवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भांडुला, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल, विधायक रितेश गुप्ता एवं विधायक आकाश सक्सेना सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन हरिओम शर्मा ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here