Home उत्तर प्रदेश न्यूज सिकंदराबाद में पिंजरे में कैद हुआ 21वां तेंदुआ, ग्रामीण इलाकों में खतरा...

सिकंदराबाद में पिंजरे में कैद हुआ 21वां तेंदुआ, ग्रामीण इलाकों में खतरा बरकरार

0
25

ठाकुरद्वारा में 15 और कांठ में छह तेंदुए पकड़े गए, 46 पिंजरों व कैमरा ट्रैप से निगरानी

(उत्तर केसरी ब्यूरो)
मुरादाबाद। जिले में तेंदुओं की लगातार बढ़ती गतिविधियों के बीच वन विभाग को एक और सफलता मिली है। कांठ तहसील के सिकंदराबाद गांव में वन विभाग की ओर से लगाए गए पिंजरे में 21वां तेंदुआ कैद हो गया। इसके साथ ही जिले में चल रहे तेंदुआ रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक पकड़े गए तेंदुओं की संख्या 21 हो गई है। इनमें ठाकुरद्वारा क्षेत्र से 15 और कांठ तहसील क्षेत्र से छह तेंदुए पकड़े गए हैं।

वन विभाग के अनुसार, तेंदुओं की तलाश और उन्हें सुरक्षित पकड़ने के लिए जिले के संवेदनशील ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सिकंदराबाद गांव में तेंदुए की गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई थी और पिंजरा लगाया गया था। निगरानी के दौरान तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया।

तीन तेंदुओं की सड़क हादसों में मौत

वन विभाग के मुताबिक जिले में तेंदुओं की मौजूदगी के दौरान अब तक तीन तेंदुओं की अज्ञात वाहनों की टक्कर से मौत हो चुकी है। वहीं, तेंदुओं के हमलों में चार लोगों की जान जा चुकी है। मृतकों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। इसके अलावा तेंदुओं के हमलों में कई लोग घायल भी हुए हैं। लगातार तेंदुओं की मौजूदगी से ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

46 पिंजरों से हो रही निगरानी

तेंदुओं को पकड़ने के लिए वन विभाग ने जिले में 46 पिंजरे लगाए हैं। इनके अलावा वन विभाग की टीमें कैमरा ट्रैप और ड्रोन के माध्यम से तेंदुओं की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। संभावित क्षेत्रों में वनकर्मियों की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और ग्रामीणों से भी सतर्क रहने की अपील की जा रही है।

3 अगस्त से लगातार चल रहा रेस्क्यू अभियान

जिले में तेंदुओं को पकड़ने और ग्रामीण क्षेत्रों से उनके खतरे को कम करने के लिए 3 अगस्त से रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान वन विभाग की टीमें तेंदुओं की मौजूदगी वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां पिंजरे और कैमरा ट्रैप लगा रही हैं। ड्रोन के माध्यम से भी ऐसे इलाकों की निगरानी की जा रही है, जहां तेंदुए दिखाई देने की सूचना मिल रही है।

21 तेंदुए पकड़े जाने के बाद भी चुनौती बरकरार

अब तक 21 तेंदुओं के पकड़े जाने के बावजूद ग्रामीण इलाकों में खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। कई क्षेत्रों में तेंदुओं की गतिविधियों की सूचनाएं लगातार सामने आ रही हैं। वन विभाग की टीमें शेष तेंदुओं की तलाश में अभियान जारी रखे हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और रेस्क्यू अभियान लगातार जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here