प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा—प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी के 209 प्रत्याशियों की कथित सूची तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाने की खबरों को भाजपा ने पूरी तरह असत्य, निराधार और मनगढ़ंत बताया है। पार्टी ने इस संबंध में जारी भ्रामक समाचारों का सिरे से खंडन करते हुए स्पष्ट किया है कि प्रदेश नेतृत्व की ओर से ऐसी कोई सूची न तो तैयार की गई है और न ही केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई है।
भाजपा की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पार्टी एक अनुशासित और कार्यकर्ता आधारित संगठन है। विधानसभा सहित अन्य चुनावों में प्रत्याशियों के चयन के लिए सुव्यवस्थित, लोकतांत्रिक और संगठनात्मक प्रक्रिया निर्धारित है। फिलहाल यह प्रक्रिया शुरू भी नहीं हुई है।
बयान में कहा गया कि 209 प्रत्याशियों की सूची को लेकर फैलाया जा रहा भ्रमक प्रचार पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच असमंजस और भय का माहौल बनाने की सोची-समझी कोशिश प्रतीत होता है। पार्टी ने पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आमजन से अपील की है कि वे ऐसी तथ्यहीन खबरों पर विश्वास न करें और केवल भाजपा के अधिकृत मंचों से जारी सूचनाओं को ही प्रामाणिक मानें। यह खंडन भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से जारी किया गया है।