Home उत्तर प्रदेश न्यूज हिमांशु कौशिक ने संभाला मुरादाबाद नगर आयुक्त का कार्यभार

हिमांशु कौशिक ने संभाला मुरादाबाद नगर आयुक्त का कार्यभार

0
106

दिव्यांशु पटेल ने सौंपा चार्ज, अधिकारियों ने किया स्वागत

(उत्तर केसरी संवाददाता)
मुरादाबाद। प्रशासनिक फेरबदल के तहत मुरादाबाद के नए नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक ने गुरुवार को विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया। तत्कालीन नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने उन्हें नगर आयुक्त का चार्ज सौंपा। दिव्यांशु पटेल को शासन स्तर से बागपत का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने बुधवार को बागपत पहुंचकर जिलाधिकारी का कार्यभार ग्रहण कर लिया था।
कार्यभार ग्रहण करने के दौरान पीली कोठी स्थित नगर निगम के शिविर कार्यालय में नगर निगम के अधिकारी पहले से मौजूद रहे। अधिकारियों और कर्मचारियों ने नए नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान तत्कालीन नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल भी मौजूद रहे और उन्होंने नए नगर आयुक्त को कार्यभार सौंपने की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की।

हिमांशु कौशिक भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। नगर आयुक्त के रूप में नियुक्ति से पहले वह उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत थे। शासन की ओर से हाल में किए गए प्रशासनिक फेरबदल के तहत उन्हें मुरादाबाद नगर निगम की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


कार्यभार ग्रहण करने के बाद नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक ने नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। नगर निगम की व्यवस्थाओं, शहर से जुड़े कार्यों और विभिन्न योजनाओं की जानकारी लेने की प्रक्रिया भी शुरू की गई।

दिव्यांशु पटेल को दी विदाई, टाउनहॉल में हुआ विदाई समारोह

नगर आयुक्त पद से स्थानांतरित होकर बागपत के जिलाधिकारी बने दिव्यांशु पटेल के सम्मान में गुरुवार को टाउनहॉल स्थित नगर निगम कार्यालय में विदाई समारोह आयोजित किया गया। नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी तथा उनके कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों को याद किया।
समारोह में नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने दिव्यांशु पटेल को बागपत के जिलाधिकारी के रूप में नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं। वहीं, नए नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक के कार्यभार संभालने के साथ नगर निगम में प्रशासनिक जिम्मेदारियों का नए सिरे से संचालन शुरू हो गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here