एमबीए विद्यार्थियों ने ज्ञान, तर्कशक्ति और त्वरित निर्णय क्षमता का किया प्रदर्शन

(उत्तर केसरी संवाददाता)
मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय के तीर्थंकर महावीर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (टिमिट) में विद्यार्थियों के ज्ञान, तर्कशक्ति और कॉर्पोरेट जगत की समझ को विकसित करने के उद्देश्य से ‘कॉर्पोरेट क्विज चैलेंज-2026’ का आयोजन किया गया। 24 सितंबर को टिमिट के सेमिनार हॉल में आयोजित प्रतियोगिता में एमबीए के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कॉर्पोरेट जगत, व्यवसाय, प्रबंधन, अर्थव्यवस्था, विभिन्न ब्रांड और समसामयिक व्यावसायिक घटनाक्रमों से संबंधित जानकारी को रोचक एवं प्रतिस्पर्धात्मक माध्यम से परखने का अवसर प्रदान करना रहा। क्विज के विभिन्न चरणों में विद्यार्थियों ने अपनी ज्ञान क्षमता, त्वरित निर्णय लेने की योग्यता, टीमवर्क और तार्किक सोच का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर टिमिट के डीन प्रो. विपिन जैन ने कहा कि कॉर्पोरेट क्विज जैसे आयोजन विद्यार्थियों के अकादमिक ज्ञान को व्यावहारिक एवं समसामयिक संदर्भों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। आज के प्रतिस्पर्धी कॉर्पोरेट वातावरण में केवल पाठ्यक्रम आधारित ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में उद्योग जगत की समझ, सामान्य जागरूकता, विश्लेषणात्मक क्षमता और त्वरित निर्णय लेने की योग्यता भी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाती हैं। विद्यार्थियों को प्रत्येक अवसर को सीखने और अपने व्यक्तित्व विकास के माध्यम के रूप में लेना चाहिए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और सक्रियता के साथ विभिन्न प्रश्नों के उत्तर दिए तथा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन ने विद्यार्थियों को मनोरंजन के साथ-साथ कॉर्पोरेट एवं प्रबंधन संबंधी अपने ज्ञान को मजबूत करने का अवसर भी प्रदान किया।
कार्यक्रम का सफल संयोजन अंतिम वर्ष के शिक्षकों द्वारा किया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार की ज्ञानवर्धक और कौशलपरक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक एवं उद्योगपरक समझ विकसित करने के अवसर मिलते रहें।






