Home उत्तर प्रदेश न्यूज नुक्कड़ नाटक से मोबाइल की लत के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक

नुक्कड़ नाटक से मोबाइल की लत के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक

0
36

विल्सोनिया डिग्री कॉलेज की एनएसएस इकाई ने मोरा मुस्तकाम के प्राथमिक विद्यालय में चलाया जागरूकता अभियान

(उत्तर केसरी संवाददाता)
मुरादाबाद। मोबाइल फोन के अत्यधिक एवं अनियंत्रित उपयोग से होने वाले सामाजिक, मानसिक और शैक्षिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विल्सोनिया डिग्री कॉलेज, मुरादाबाद की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से गुरुवार को राजकीय प्राथमिक विद्यालय, मोरा मुस्तकाम में ‘मोबाइल एडिक्शन’ विषय पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से मोबाइल की बढ़ती लत के दुष्प्रभावों को सामने रखा।

नुक्कड़ नाटक में विद्यार्थियों ने मोबाइल के अत्यधिक इस्तेमाल से होने वाली समय की बर्बादी, पढ़ाई पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभाव, सामाजिक दूरी और पारिवारिक संबंधों में बढ़ती दूरी जैसे विषयों को जीवंत ढंग से प्रस्तुत किया। कलाकारों ने संदेश दिया कि मोबाइल और डिजिटल तकनीक आधुनिक जीवन में उपयोगी साधन हैं, लेकिन इनका विवेकपूर्ण एवं सीमित उपयोग ही लाभकारी है। अत्यधिक उपयोग व्यक्ति की दिनचर्या और सामाजिक व्यवहार को प्रभावित कर सकता है।

डिजिटल जागरूकता समय की आवश्यकता

इस अवसर पर विल्सोनिया डिग्री कॉलेज के निदेशक डॉ. आशीष संतराम, प्रशासन प्रमुख अविश रवीश और प्रधानाचार्य डॉ. लाजमीत कौर ने कहा कि युवाओं और समाज में डिजिटल जागरूकता बढ़ाना वर्तमान समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के साथ सकारात्मक परिवर्तन के लिए भी प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षकगण और विद्यार्थी, ग्राम मोरा मुस्तकाम के प्रधान चौधरी नरेश सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति को दर्शकों ने सराहा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने लोगों से मोबाइल का जरूरत के अनुसार उपयोग करने और उसकी लत से बचने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा—“मोबाइल का उपयोग करें, मोबाइल के गुलाम न बनें।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here