शनिवार को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना

(उत्तर केसरी संवाददाता)
मुरादाबाद। दक्षिण-पश्चिम मानसून की बारिश का दौर समाप्त होने के बाद लंबे समय से शुष्क बने मौसम में अब बदलाव के आसार नजर आने लगे हैं। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव के क्षेत्र का असर मुरादाबाद और आसपास के इलाकों में भी दिखाई देने की संभावना है। इसके चलते अगले कुछ दिनों में बादल छाने के साथ बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है। शुक्रवार को आसमान में बादल छाने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। शनिवार को बादलों की घनत्व बढ़ सकती है और मुरादाबाद के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान एक-दो बार तेज बारिश भी होने की संभावना जताई गई है।
बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव का असर
मौसम में बदलाव के साथ तापमान में भी गिरावट आने के आसार हैं। इससे उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिल सकती है। रविवार को भी कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना है, जबकि सोमवार से मौसम के फिर साफ होने का अनुमान है।






