Home देश यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर एसी बस में भीषण आग, नौ यात्रियों की...

यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर एसी बस में भीषण आग, नौ यात्रियों की मौत

0
14

जेवर एयरपोर्ट के पास देर रात हुआ हादसा, खिड़कियां तोड़कर कई यात्रियों ने बचाई जान

(उत्तर केसरी संवाददाता)
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर क्षेत्र में बुधवार देर रात दिल्ली से महोबा जा रही स्लीपर एसी बस में भीषण आग लगने से नौ यात्रियों की मौत हो गई। मृतकों में आठ पुरुष और एक महिला शामिल हैं। हादसा जेवर एयरपोर्ट के पास दयानतपुर गांव क्षेत्र में हुआ। बस में करीब 35 यात्री सवार थे। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोगों ने खिड़कियां तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

चालक और परिचालक गिरफ्तार

राज कल्पना ट्रैवल्स की यह बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से रात करीब 9:30 बजे महोबा के लिए रवाना हुई थी। हादसे के समय बस यमुना एक्सप्रेसवे पर आगे बढ़ रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने से कुछ समय पहले बस में जलने की गंध आने लगी थी। यात्रियों ने चालक और परिचालक को इसकी जानकारी देकर बस रोकने और जांच करने के लिए कहा था। प्राथमिकी में यात्री सुनील कुमार ने आरोप लगाया है कि चालक और परिचालक यात्रियों की शिकायत के बावजूद बस में धूम्रपान करते रहे और तत्काल बस नहीं रोकी गई।

आग फैलते ही यात्रियों में मची भगदड़

बताया गया कि कुछ देर बाद बस के आगे के हिस्से में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने बस के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। धुआं भरने से यात्रियों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया। कई यात्रियों ने आपात स्थिति में बस की खिड़कियां तोड़ दीं और उनसे बाहर निकलकर जान बचाई। दमकल कर्मियों और पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर यात्रियों को बाहर निकाला। करीब 20 यात्रियों को सुरक्षित बचाया गया।

आग की सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बस का पिछला हिस्सा काटकर दमकल कर्मी अंदर पहुंचे और एक-एक कर शव बाहर निकाले। बचाव अभियान करीब दो घंटे तक चला। आग की भयावहता के कारण शव बुरी तरह झुलस गए हैं, जिससे उनकी पहचान करने में कठिनाई हो रही है।

एसी में चिंगारी या विस्फोट से आग लगने की आशंका

मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बस के एसी तंत्र में चिंगारी या विस्फोट के बाद इंजन के तेल में आग लगने की आशंका सामने आई है। पुलिस के अनुसार आग तेजी से फैलने का संभावित कारण इंजन के चिकनाई वाले तेल का आग की चपेट में आना बताया जा रहा है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच और तकनीकी परीक्षण के बाद ही होगी।

चालक और परिचालक गिरफ्तार

हादसे के बाद पुलिस ने बस के चालक पवन और परिचालक योगेश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्राथमिकी में दर्ज यात्रियों के आरोपों और हादसे से पहले की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि यात्रियों द्वारा जलने की गंध की शिकायत किए जाने के बाद बस को तत्काल क्यों नहीं रोका गया।

पुलिस के अनुसार बस के खिलाफ पहले से यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले दर्ज रहे हैं। बस पर 19 चालान होने और करीब 1.75 लाख रुपये का जुर्माना लगाए जाने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद बस के परमिट, फिटनेस, तकनीकी स्थिति और सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार तथा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। हादसे के बाद बस संचालन और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मानकों को लेकर भी कई सवाल खड़े हुए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here